ऑपरेशन सुरक्षा के तहत दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रिंक-एंड-ड्राइव मामलों में तीन गुना बढ़ोतरी , वाहन जब्त

दुर्ग : सड़क सुरक्षा के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सुरक्षा’ अभियान में दुर्ग यातायात पुलिस ने ड्रिंक-एंड-ड्राइव (नशे में वाहन चलाने) के मामलों में अपनी कार्रवाई को तेज कर दी है, ज पुलिस की सख्ती का असर अब नागरिकों में साफ दिखाई दे रहा है।

यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में जनवरी से अक्टूबर माह के बीच ड्रिंक-एंड-ड्राइव के कुल 239 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं, इस वर्ष 2025 की इसी में यह संख्या बढ़कर 911 हो गई है। यह वृद्धि पिछले साल की तुलना में लगभग तीन गुना से अधिक है। पुलिस ने इन सभी मामलों में संबंधित वाहनों को जब्त कर विधिवत प्रकरण तैयार कर न्यायालय भेजा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड को ‘कम्पल्सरी हेलमेट-वियरिंग ज़ोन’ (अनिवार्य हेलमेट धारण क्षेत्र) घोषित करने और नशे में वाहन चलाने वालों पर लगातार की जा रही कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। इन प्रयासों से नागरिकों में हेलमेट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

इसी क्रम में, बुधवार को जिलेभर में संचालित विशेष अभियान के दौरान ड्रिंक-एंड-ड्राइव के कुल 28 प्रकरण दर्ज किए गए। इन सभी मामलों में वाहनों को जब्त कर न्यायालय भेजा गया है।

दुर्ग यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की अवस्था में कभी भी वाहन न चलाएँ और यातायात नियमों का पालन कर ‘ऑपरेशन सुरक्षा’ में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *