दुर्ग। पाटन विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोड़पेण्ड्री में पदस्थ एलबी शिक्षिका शारदा क्षत्रीय को गंभीर शिकायतों के आधार पर निलंबित कर दिया गया है। संयुक्त संचालक, संभागीय शिक्षा दुर्ग ने 4 दिसंबर को जारी आदेश में निलंबन को तत्काल प्रभाव से लागू करने निर्देश दिए हैं।
शिक्षिका के खिलाफ ग्राम पंचायत सरपंच, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष और जनपद सदस्य द्वारा समय पर स्कूल नहीं आने, पूर्ण समय अध्यापन नहीं करने, सहकर्मियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने सहित कई आरोप लगाए गए थे। शिकायतों में छात्राओं को उकसाने और स्टाफ पर गलत आरोप लगाने जैसी बातें भी शामिल थीं।
मामले की जांच जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग द्वारा कराई गई। जांच अधिकारी ने सभी बिंदुओं की पुष्टि करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान शारदा क्षत्रीय का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, दुर्ग का कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और कार्यकुशलता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।