Milk Tea Side Effects: ज्यादा दूध की चाय से किडनी स्टोन से लेकर आयरन की कमी तक, जानें बड़े नुकसान अक्सर लोगों की सुबह की शुरुआत चाय से होती है। कई लोगों के लिए चाय के बिना दिन की कल्पना करना भी मुश्किल होता है। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो दिनभर में 8 से 10 कप तक चाय पी लेते हैं। ठंड से बचाव, थकान दूर करने और खुद को एनर्जेटिक महसूस कराने में चाय मददगार जरूर है, लेकिन इसका अत्यधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार ज्यादा चाय पीने से किडनी स्टोन, नींद न आना, वजन बढ़ना समेत कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। खासतौर पर दूध वाली चाय का अधिक सेवन शरीर पर नकारात्मक असर डालता है।
आयरन की कमी का खतरा
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि भोजन से एक घंटा पहले या बाद में चाय पीने से बचना चाहिए। चाय में मौजूद टैनिन आयरन के अवशोषण को रोकता है, जिससे शरीर में आयरन की कमी हो सकती है। इससे हीमोग्लोबिन का स्तर गिरने और एनीमिया होने की आशंका बढ़ जाती है।
भूख कम लगना
खाली पेट या बार-बार दूध वाली चाय पीने से भूख कम लगने लगती है। इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते और कमजोरी के साथ कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
हार्ट डिजीज का खतरा
ज्यादा कैफीन का सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता है। इससे हार्ट डिजीज का जोखिम बढ़ सकता है और दिल की धड़कन भी प्रभावित हो सकती है।
पाचन संबंधी समस्याएं
दूध वाली चाय का अधिक सेवन पेट दर्द, एसिडिटी, गैस और अपच जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। खासतौर पर खाली पेट चाय पीना पाचन तंत्र के लिए हानिकारक है।
नींद और मानसिक स्वास्थ्य पर असर
चाय में मौजूद कैफीन नींद की समस्या को बढ़ा सकता है। अधिक चाय पीने से चिंता, बेचैनी और तनाव जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं, जो ब्रेन हेल्थ को नुकसान पहुंचाती हैं।
डिहाइड्रेशन की समस्या
चाय में कैफीन के साथ-साथ थियोफिलाइन भी होता है। इसका ज्यादा सेवन शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन पैदा कर सकता है, जिससे कब्ज और अन्य परेशानियां शुरू हो सकती हैं।
गैस और एसिडिटी
सुबह खाली पेट चाय पीने से शरीर का पीएच बैलेंस बिगड़ सकता है। इससे हार्ट बर्न, गैस और एसिडिटी की समस्या होने की आशंका बढ़ जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि चाय का सेवन सीमित मात्रा में और सही समय पर किया जाए तो यह नुकसान नहीं करती। बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरत से ज्यादा चाय पीने की आदत से बचना ही समझदारी है।