सड़क सुरक्षा माह 2026 : नाबालिग वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई, 15 वाहन जप्त

दुर्ग। सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 06 जनवरी 2026 को केपीएस स्कूल नेहरू नगर एवं जेआरडी स्कूल दुर्ग में बिना लाइसेंस वाहन चला रहे 15 नाबालिग छात्र-छात्राओं के वाहन जप्त कर यातायात मुख्यालय नेहरू नगर लाए गए।

जप्त वाहनों के संबंध में नाबालिग चालकों के परिजनों को यातायात कार्यालय बुलाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई तथा उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने परिजनों को यह भी समझाया कि 16 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का विधिवत लाइसेंस बनवाकर ही, बिना गियर वाले वाहन को हेलमेट के साथ चलाने दें।

कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग चालक द्वारा मोडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट चलाते पाए जाने पर ₹6000 का चालान किया गया तथा मोडिफाइड साइलेंसर जप्त किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चला रहे 25 स्कूली छात्र-छात्राओं पर भी कार्रवाई की गई।

यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना एवं सुरक्षित परिवहन को बढ़ावा देना है।

यातायात पुलिस दुर्ग ने स्कूल प्रबंधन से भी मुलाकात कर निर्देश दिए कि बिना लाइसेंस और नाबालिग बच्चों को वाहन के साथ स्कूल परिसर में प्रवेश न दिया जाए, ऐसे बच्चों की सूची तैयार कर उनके परिजनों को बुलाकर समझाइश दी जाए। साथ ही, यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने न दें। यह कार्रवाई आगे भी जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *