नई दिल्ली: माता वैष्णो देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्राइन बोर्ड ने एक जरूरी चेतावनी जारी की है। हाल के दिनों में दर्शन और विभिन्न सुविधाओं की बुकिंग के नाम पर ठगी के मामलों में इज़ाफा होने के बाद बोर्ड ने यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। बोर्ड का कहना है कि कुछ शातिर लोग फर्जी कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप फॉरवर्ड के जरिए श्रद्धालुओं को गुमराह कर पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं।
श्राइन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दर्शन, ठहराव, हेलीकॉप्टर सेवा समेत सभी प्रकार की बुकिंग केवल उसकी अधिकृत वेबसाइट maavaishnodevi.org के माध्यम से ही की जाती है। किसी अन्य माध्यम से पैसे मांगने वालों पर भरोसा न करें और न ही किसी तरह का भुगतान करें। जानकारी की पुष्टि के लिए श्रद्धालु बोर्ड के हेल्पडेस्क नंबर +91 9906019494 पर संपर्क कर सकते हैं। बोर्ड ने यात्रियों से अपील की है कि सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें और श्रद्धा के साथ यात्रा संपन्न करें।
स्मार्ट लॉकर से यात्रियों को राहत
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए श्राइन बोर्ड ने अधकुंवारी, गेट नंबर-03 तथा पार्वती, दुर्गा और राम मंदिर परिसर के विभिन्न हॉलों में स्मार्ट लॉकर की व्यवस्था की है। अटका आरती, नवचंडी पाठ, ग्रुप अटका, कटरा–पंची हेलीकॉप्टर सेवा और जम्मू–भवन–जम्मू पैकेज जैसी सेवाओं की पक्की बुकिंग कराने वाले श्रद्धालु इन लॉकरों का निःशुल्क उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए बुकिंग रसीद पर रूम नंबर-04 के रिसेप्शन काउंटर की आधिकारिक मुहर होना अनिवार्य बताया गया है।
मौसम साफ, यात्रा सुचारू
कटड़ा और माता वैष्णो देवी धाम क्षेत्र में मौसम अनुकूल बना हुआ है। दिनभर साफ आसमान रहने से यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई, हालांकि पहाड़ी इलाकों में ठंडी हवाओं का असर महसूस किया गया। हालिया बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
अनुकूल मौसम के चलते हेलीकॉप्टर सेवाएं भी नियमित रूप से संचालित रहीं, जिससे बुजुर्गों और कम समय में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिली। पूरे यात्रा मार्ग पर ‘जय माता दी’ के जयकारों की गूंज के बीच श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से अपनी यात्रा पूरी करते नजर आए।