भिलाई/दुर्ग: भिलाई के हुडको क्षेत्र में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के सामने बने दो टीन शेड के गैरेजों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते लपटें गैरेज से बाहर निकलने लगीं। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
सिलेंडर ब्लास्ट से सहम गए लोग
अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना मिलते ही तत्काल 2 दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। जब टीम घटनास्थल पर पहुँची, तो गैरेज आग की लपटों से घिरे हुए थे। फायर कर्मियों ने तुरंत पहले गैरेज का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहाँ खड़ी कार धू-धू कर जल रही थी। इसी दौरान अंदर रखे दो सिलेंडरों में से एक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, टीम ने जान जोखिम में डालकर दूसरे सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पाया।

कड़ी मशक्कत के बाद तीन गाड़ियां बचाईं
दमकल कर्मियों ने दूसरे गैरेज का भी दरवाजा तोड़कर वहां खड़ी दो अन्य गाड़ियों को अपनी चपेट में लेने से पहले ही आग बुझा दी। टीम की सूझबूझ और फुर्ती के कारण आग आसपास के घरों तक नहीं फ़ैल सकी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
समय पर पहुँची टीम, टली जनहानि
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन और सह-फायर प्रभारी प्रवीण बारा के नेतृत्व में इस रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। टीम में दल प्रभारी घनश्याम यादव व केशव यादव के साथ कर्मचारी रामनाथ कुर्रे, अनंत, जितेंद्र, टिकेंद्र, दीपक यादव, प्रवीन सिन्हा और मुख्तार अली शामिल थे। दमकल कर्मियों की एकजुटता और समय पर की गई कार्रवाई की स्थानीय निवासियों ने काफी सराहना की