स्कूटी रैली के जरिए महिलाओं ने दिया सशक्तिकरण का संदेशनारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत भाजपा महिला मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन

भिलाई, [17 अप्रेल ]भिलाई में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ अभियान के तहत गुरुवार को नारी शक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ सैकड़ों महिलाओं ने शहर की सड़कों पर भव्य स्कूटी रैली निकाली। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और केंद्र सरकार के ऐतिहासिक फैसलों को जन-जन तक पहुँचाना था।

विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने दिखाई हरी झंडी

रैली का शुभारंभ प्रियदर्शनी परिसर से हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने भगवा ध्वज दिखाकर स्कूटी रैली को रवाना किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘नारी शक्ति का सम्मान-देश का उद्धार’ जैसे नारों से गूँज उठा। रैली प्रियदर्शनी परिसर से शुरू होकर सेक्टर-2 और सुपेला के प्रमुख मार्गों से गुजरी और पुनः अपने प्रारंभिक स्थल पर आकर संपन्न हुई।

ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम: रश्मि सिंह

भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रश्मि सिंह ने इस अवसर पर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के स्वाभिमान और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों ने देश की आधी आबादी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है।”

पंचायत से संसद तक बढ़ रही भागीदारी: चंद्रकांता मांडले

पूर्व महापौर चंद्रकांता मांडले ने रैली के दौरान कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायतों से लेकर संसद तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि भारत एक नई और सशक्त दिशा की ओर बढ़ रहा है।

रैली के दौरान महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। हेलमेट पहनकर सुरक्षा का संदेश देती और हाथों में तिरंगा व पार्टी का झंडा थामे महिलाओं ने पूरे शहर को ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा नेता और महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *