नोएडा : नोएडा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बीती रात हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए दिनभर आंधी, तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे दिन ‘थंडरस्टॉर्म विद रेन’ की स्थिति बनी रहने की संभावना है। सुबह, दोपहर और शाम—तीनों समय तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
30 अप्रैल को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रह सकता है। हालांकि, इस दिन कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इसके बाद 1 और 2 मई को मौसम साफ होने की संभावना है, जहां तापमान फिर से 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
बारिश और तेज हवाओं के बावजूद एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में खास सुधार नहीं हुआ है। दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई मध्यम से खराब श्रेणी में बना हुआ है। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के कुछ क्षेत्रों में एक्यूआई बेहद खराब स्तर तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट और वायु गुणवत्ता में आंशिक सुधार की उम्मीद है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।