पीएम मोदी ने भगवान भोलेनाथ से देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने काशी दौरे के दूसरे दिन भव्य रोड शो के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पहुंचकर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और देशवासियों की खुशहाली व स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान उन्होंने त्रिशूल और डमरू लहराकर श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘हर हर महादेव’ लिखते हुए कई तस्वीरें साझा कीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने बताया कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ और उन्होंने देश की समृद्धि, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा के लिए प्रार्थना की। साथ ही मां अन्नपूर्णा और मां गंगा के दर्शन से उन्हें गहन शांति का अनुभव हुआ।

प्रधानमंत्री का काफिला बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से निकलकर मंडुवाडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन और चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंचा। पूरे रास्ते लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

मंदिर पहुंचने पर शंखनाद के बीच उनका स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्य अर्चक सहित पांच पंडितों ने विधिवत षोडशोपचार पूजन कराया। गर्भगृह में मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री ने अभिषेक किया और देश की समृद्धि के लिए कामना की।

इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री ने बच्चों से बातचीत भी की, जिससे बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। रोड शो के दौरान बनारस रेलवे स्टेशन के पास बनाए गए स्वागत स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिनके हाथों में स्वागत संदेश लिखे पोस्टर थे। कुछ बच्चे प्रधानमंत्री के लिए उपहार भी लेकर पहुंचे थे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं, एनसीसी कैडेट्स और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *