भिलाई/रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड 37, जोरातराई में स्थित आम्बेडकर आवास को तोड़ने के नोटिस ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। अस्पताल निर्माण के नाम पर करीब 79 परिवारों को विस्थापित करने की तैयारी का पुरजोर विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को पीड़ित परिवारों ने कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर ज्ञापन सौंपा और आवास बचाने की गुहार लगाई।
25 साल पुराना है आशियाना
प्रभावित निवासियों ने बताया कि ये आवास सन 2000 में बनाए गए थे, जहाँ लगभग ढाई दशक से अत्यंत गरीब परिवार रह रहे हैं। निगम प्रशासन ने हाल ही में इन मकानों को ढहाने का नोटिस थमाया है। बीते मंगलवार (5 मई) को जब निगम का दस्ता भारी पुलिस बल के साथ तोड़-फोड़ करने पहुँचा, तो महिलाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया, जिसके बाद अमले को बैरंग लौटना पड़ा।

निवासियों ने सुझाए वैकल्पिक स्थान
कलेक्टर को सौंपे पत्र में वार्डवासियों ने स्पष्ट किया कि वे अस्पताल के निर्माण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन गरीबों के घर तोड़ना गलत है। उन्होंने प्रशासन को अस्पताल के लिए चार वैकल्पिक स्थान सुझाए हैं:
1. पुराना स्कूल परिसर की खाली जमीन।
2. बाग पारा मंच के पास उपलब्ध मैदान।
3. फाइव स्टार क्षेत्र की रिक्त भूमि।
4. राशन दुकान के सामने स्थित सरकारी जमीन।
कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग
निवासियों का कहना है कि प्रशासन बिना तोड़-फोड़ किए भी अस्पताल बनवा सकता है। उन्होंने मांग की है कि जब तक वैकल्पिक भूमि पर विचार नहीं किया जाता, तब तक तोड़-फोड़ की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके सिर से छत छीनी गई, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।