स्वाभिमान मंच ने कलेक्टर से की शिकायत
भिलाई। भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 14, रामनगर मुक्तिधाम क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति ने जन स्वास्थ्य को खतरे में डाल दिया है। इस गंभीर समस्या को लेकर ‘छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच’ ने कड़ा रुख अपनाते हुए दुर्ग कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन लाल साहू ने बताया कि वार्ड के निवासी नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। नलों से मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी आ रहा है, जिसके सेवन से क्षेत्र में डायरिया, पीलिया और पेट संबंधी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ रहा है।
निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
पूरन लाल साहू ने कहा कि नगर निगम प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। पाइपलाइन में लीकेज या गंदगी मिलने की शिकायत के बावजूद अधिकारी मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आम जनता के मौलिक अधिकार ‘स्वच्छ जल’ का उल्लंघन है।
स्वाभिमान मंच की मांगें।
प्रभावित क्षेत्र में तत्काल टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की सप्लाई शुरू की जाए,पाइपलाइन के लीकेज को युद्धस्तर पर दुरुस्त किया जाए,लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्यवाही हो।
मंच ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जनहित में छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और वार्ड के त्रस्त नागरिक उपस्थित थे।