Bank Of Baroda Vacancy 2026 : मेधावी खिलाड़ियों के लिए निकली भर्ती, बिना परीक्षा होगा चयन

Bank Of Baroda Vacancy 2026 : खेल प्रतिभाओं के लिए बैंकिंग सेक्टर में नौकरी पाने का शानदार मौका सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत ग्राहक सेवा सहयोगी (क्लेरिकल कैडर) के 30 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और इच्छुक उम्मीदवार 12 मई 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

बैंक द्वारा जारी सूचना के अनुसार क्रिकेट, कबड्डी, टेबल टेनिस समेत विभिन्न खेलों के मेधावी खिलाड़ी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

भर्ती के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य रखी गई है। साथ ही उम्मीदवार ने राज्य, केंद्र शासित प्रदेश, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व किया हो या खेलो इंडिया खेलों एवं राष्ट्रीय स्कूल खेलों में पदक हासिल किया हो। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का सिबिल स्कोर न्यूनतम 680 होना भी जरूरी है।

इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बजाय आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग और फील्ड ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 24,050 रुपये से 64,480 रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आवेदन शुल्क सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 850 रुपये रखा गया है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला और भूतपूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए 175 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करियर सेक्शन में “करेंट ऑपर्च्युनिटीज” के तहत स्पोर्ट्स पर्सन भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा करने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म का प्रिंट आउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *