कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता में आयोजित भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनके पैर छुए और स्नेहपूर्वक गले लगाया। यह दृश्य समारोह में मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना रहा।
प्रधानमंत्री मोदी ने बाद में सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर माखनलाल सरकार के योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा कि माखनलाल सरकार एक कट्टर राष्ट्रवादी थे और उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ मिलकर काम किया था। जम्मू-कश्मीर आंदोलन के दौरान उन्हें डॉ. मुखर्जी के साथ गिरफ्तार भी किया गया था।
पीएम मोदी ने कहा कि माखनलाल सरकार ने अपना पूरा जीवन भाजपा और राष्ट्र सेवा को समर्पित कर दिया। उन्होंने पूरे पश्चिम बंगाल में पार्टी के संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समाज के हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा को ऐसे समर्पित और प्रेरणादायी कार्यकर्ताओं पर गर्व है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर काम कर संगठन को मजबूत बनाया।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं देबाशीष मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार का गठन सभी कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण का परिणाम है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि उनके विजन को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत कर लोगों की सेवा की है और अब मंत्री के रूप में पश्चिम बंगाल के विकास को नई गति देंगे।