Google का बड़ा AI अपडेट: अब सर्च होगा और स्मार्ट, आए 5 नए दमदार फीचर्स

टेक्नोलॉजी डेस्क। इंटरनेट पर जानकारी खोजने का तरीका तेजी से बदल रहा है और अब Google ने अपने AI आधारित सर्च सिस्टम को और ज्यादा एडवांस बना दिया है। कंपनी ने AI Overviews और AI Mode में पांच नए फीचर्स जोड़ने की घोषणा की है, जिनका मकसद यूजर्स को ज्यादा भरोसेमंद, आसान और पर्सनलाइज्ड सर्च अनुभव देना है।

हाल ही में विंडोज और क्रोम ब्राउज़र के लिए नए अपडेट जारी करने के बाद अब गूगल ने ऐसे फीचर्स पेश किए हैं जो यूजर्स को सिर्फ जवाब ही नहीं, बल्कि “सही और उपयोगी जानकारी” तक पहुंचाने में मदद करेंगे।

अब AI देगा गहराई से जानकारी

नए अपडेट के बाद जब भी Gemini किसी सवाल का जवाब देगा, तो उसके साथ उस विषय से जुड़े खास आर्टिकल्स, रिसर्च और डीप एनालिसिस के लिंक भी दिखाए जाएंगे। यानी अब यूजर्स सिर्फ छोटा जवाब नहीं, बल्कि विषय की पूरी समझ भी हासिल कर सकेंगे।

पसंदीदा सोर्स पहचानना होगा आसान

गूगल अब AI जवाबों में यूजर के भरोसेमंद या सब्सक्राइब किए गए न्यूज सोर्स को खास टिक मार्क और लेबल के साथ दिखाएगा। इससे यूजर्स को तुरंत पता चल जाएगा कि कौन-सा कंटेंट विश्वसनीय स्रोत से आया है।

AI अब बताएगा एक्सपर्ट्स की राय भी

यह अपडेट सबसे खास माना जा रहा है। अब AI सिर्फ वेबसाइट्स से फैक्ट्स नहीं उठाएगा, बल्कि उन लोगों की राय और अनुभव भी दिखाएगा जिन्होंने किसी प्रोडक्ट का इस्तेमाल किया है या किसी विषय के विशेषज्ञ हैं।

इन जानकारियों को सोशल मीडिया, ऑनलाइन चर्चाओं और क्रिएटर प्लेटफॉर्म्स से लिया जाएगा। साथ ही क्रिएटर का नाम या हैंडल भी दिखाई देगा, ताकि यूजर खुद तय कर सके कि वह उस सलाह पर भरोसा करना चाहता है या नहीं।

हर जवाब में ज्यादा साइटेशन और लिंक

अब AI के जवाबों में अलग-अलग पैराग्राफ और बुलेट पॉइंट्स के साथ सीधे URL आइकॉन दिखाई देंगे। इससे यूजर्स आसानी से मूल वेबसाइट तक पहुंच पाएंगे और जानकारी की पुष्टि भी कर सकेंगे।

क्लिक से पहले मिलेगा वेबसाइट प्रीव्यू

डेस्कटॉप यूजर्स के लिए गूगल एक नया “वेबसाइट प्रीव्यू” फीचर भी ला रहा है। अब किसी लिंक पर कर्सर ले जाते ही वेबसाइट का नाम और पेज टाइटल दिखाई देगा। इससे क्लिक करने से पहले ही अंदाजा लग जाएगा कि अंदर क्या जानकारी मिलने वाली है।

गूगल का कहना है कि इन नए AI फीचर्स का मकसद सर्च को सिर्फ तेज नहीं, बल्कि ज्यादा उपयोगी और भरोसेमंद बनाना है। आने वाले समय में AI आधारित सर्च इंटरनेट एक्सपीरियंस को पूरी तरह बदल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *