चंबा की खाई में गिरी पर्यटकों से भरी कार, चीख-पुकार के बीच 6 की मौत

मनाली : हिमाचल प्रदेश के चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। तुनुहट्टी क्षेत्र के ककीरा घार के पास एक टैक्सी इनोवा गहरी खाई में गिर गई, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार टैक्सी धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश पर्यटक गुजरात के बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिससे सड़क काफी फिसलन भरी हो गई थी। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और सड़क पर फिसलन को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए। अंधेरे और बारिश के बीच कई घंटों तक बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज टांडा भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *