दुनिया की नजरें भारत पर 14-15 मई को नई दिल्ली में होगा 18वां BRICS शिखर सम्मेलन, वैश्विक मुद्दों पर जुटेंगे कई देशों के प्रतिनिधि

नई दिल्ली। भारत इस वर्ष 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 की मेजबानी करने जा रहा है। दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन 14 और 15 मई को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होगा। इससे पहले 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में किया गया था। विदेश मंत्रालय ने सम्मेलन के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी साझा की है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन की शुरुआत 14 मई को विदेश मंत्रियों की बैठक से होगी। सुबह 10 बजे सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों का भारत मंडपम में आगमन होगा, जिसके बाद सुबह 10:30 बजे पहले सत्र की शुरुआत की जाएगी। दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘सेवा तीर्थ’ में मंत्रियों की संयुक्त मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे दूसरे सत्र का आयोजन होगा। वहीं, शाम 7 बजे विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से भारत मंडपम में रात्रिभोज आयोजित किया जाएगा।

सम्मेलन के दूसरे दिन यानी 15 मई को सुबह 10 बजे तीसरे सत्र की शुरुआत होगी। इस दौरान सदस्य देशों के बीच वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

गौरतलब है कि इससे पहले भारत ने वर्ष 2021 में 13वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी। उस सम्मेलन की थीम ‘ब्रिक्स 15: कंटिन्यूटी, कंसोलिडेशन एंड कंसेंसस फॉर इंट्रा-ब्रिक्स कोऑपरेशन’ रखी गई थी। सम्मेलन में नई दिल्ली घोषणा-पत्र को अपनाया गया था, जिसमें बहुपक्षीय व्यवस्था में सुधार, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, सतत विकास लक्ष्यों के लिए डिजिटल टूल्स के उपयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया था।

भारत ने अपनी पिछली अध्यक्षता के दौरान ब्रिक्स की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सरल बनाने की दिशा में कई नई पहल भी शुरू की थीं। इसके तहत डिजिटल हेल्थ शिखर सम्मेलन और पहली जल मंत्रियों की बैठक जैसे नए मंत्रीस्तरीय ट्रैक आरंभ किए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, इस बार सम्मेलन में ब्राजील, रूस, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथोपिया और इंडोनेशिया के विदेश मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। संयुक्त अरब अमीरात की ओर से उप-विदेश मंत्री स्तर का प्रतिनिधित्व हो सकता है, जबकि ईरान भी उप-विदेश मंत्री स्तर का प्रतिनिधिमंडल भेज सकता है। वहीं, चीन के शेरपा प्रतिनिधिमंडल के सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सम्मेलन में ग्लोबल साउथ, बहुपक्षीय सहयोग, आर्थिक साझेदारी, क्षेत्रीय सुरक्षा और मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा केंद्रित रहेगी। भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए ‘बिल्डिंग फॉर इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ थीम तय की है। साथ ही, भारत ने 13 जनवरी को ‘ब्रिक्स 2026’ की वेबसाइट, थीम और लोगो भी लॉन्च किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *