सोनिया गांधी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती, जल्द होगी सर्जरी

ई दिल्ली/गुरुग्राम। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उन्हें एक छोटी सर्जरी के लिए अस्पताल में एडमिट किया गया है। हालांकि सर्जरी को लेकर विस्तृत मेडिकल जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि उनकी हालत पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। इससे पहले भी मार्च 2026 में स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सक अरूप बसु की देखरेख में उनका इलाज चला था। उस समय उन्हें फेफड़ों से जुड़ी समस्या बताई गई थी।

केरल की सियासत पर भी पड़ सकता है असर
सोनिया गांधी की अस्पताल में भर्ती होने की खबर ऐसे समय आई है जब कांग्रेस केरल में सरकार गठन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय प्रक्रिया में जुटी हुई है। हाल ही में विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा की जीत के बाद वहां नेतृत्व चयन को लेकर बैठकों का दौर जारी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पद को लेकर केसी वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। विधायकों के बीच भी अलग-अलग राय सामने आ रही है, हालांकि अधिकांश का झुकाव केसी वेणुगोपाल की ओर बताया जा रहा है।

अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व के हाथ में
कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि अंतिम फैसला वरिष्ठ नेताओं की सहमति से लिया जाएगा। राहुल गांधी को भी इस पर अंतिम सहमति देनी है कि केसी वेणुगोपाल संगठन में बने रहें या उन्हें केरल का मुख्यमंत्री बनाया जाए।

इस बीच पार्टी ने नेताओं और समर्थकों को सार्वजनिक रूप से शक्ति प्रदर्शन और पोस्टरबाजी से बचने की सलाह दी है। माना जा रहा था कि अगले 24 से 48 घंटे में केरल के मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है, लेकिन सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद अब इस प्रक्रिया में थोड़ी देरी की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *