मुंबई। गुरुवार के शुरुआती कारोबार में सोने और चांदी के दामों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने में हल्की तेजी दर्ज की गई, जबकि चांदी में गिरावट का दबाव बना रहा।
सुबह 10:36 बजे सोने का 5 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 396 रुपये यानी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,62,638 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान सोने ने 1,63,055 रुपये का उच्चतम और 1,61,027 रुपये का न्यूनतम स्तर छुआ।
वहीं चांदी में कमजोरी देखने को मिली। 3 जुलाई 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट 2,238 रुपये यानी 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,98,000 रुपये पर था। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,99,000 रुपये का उच्चतम और 2,94,450 रुपये का न्यूनतम स्तर बनाया।
विशेषज्ञों के अनुसार चांदी में आई गिरावट की एक बड़ी वजह मुनाफावसूली भी है, क्योंकि पिछले सत्र में कीमतें 3 लाख रुपये के पार पहुंच गई थीं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मिला-जुला रुख
वैश्विक बाजार कॉमेक्स पर सोना 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 4,708 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 1.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 87.68 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
शेयर बाजार में भी मजबूती
इस बीच घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई। सेंसेक्स और निफ्टी करीब आधा प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल सेक्टर ने बाजार को मजबूती दी, जबकि अधिकतर सूचकांक हरे निशान में रहे।