वी. डी. सतीशन बने केरल के नए मुख्यमंत्री, 10 दिन का सस्पेंस खत्म

नई दिल्ली। केरलम में वीडी सतीशन होंगे राज्य के नए मुख्यमंत्री। गुरुवार को प्रेस वार्ता के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने नाम की घोषणा की है। मालूम हो कि, केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 दिन पहले 4 मई को जारी हुए थे। तब से ही कांग्रेस पार्टी में सीएम के नाम को लेकर कई अटकलें चल रही थी।

नए सीएम की घोषणा के बाद AICC के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, “मैं इस फैसले का पूरे दिल से स्वागत करता हूं। मैं वी डी सतीशन को इस पद के लिए बधाई देता हूं।”

“मेरा मानना है कि केरलम की जनता ने UDF के पक्ष में एक बड़ा जनादेश दिया है। वी डी सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार केरलम की जनता की आकांक्षाओं और वादों को पूरा कर सकती है। निश्चित रूप से, हम केरलम सरकार के साथ पूरी तरह से खड़े हैं।”

मालूम हो कि, इस बीच सूत्रों के हवाले से पता चला था कि, वीडी सतीशन के नाम पर चर्चा चल रही है। जो कि अब सच हो चुका है और कांग्रेस के आलाकमान ने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी है। इसको लेकर दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की एक हाई-लेवल बैठक हुई थी। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।

102 सीटों के साथ यूडीएफ गठबंधन को मिली थी बहुमत

इस बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया था कि, 14 मई को सीएम के नाम का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि, केरलम में कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों द्वारा अधिकृत किए जाने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने सभी चर्चाएं पूरी कर ली हैं। केरलम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर फैसला गुरुवार को होगा।

बता दें कि, 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 102 सीटों पर जीतकर बहुमत हासिल किया है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला नहीं होने से पार्टी की किरकिरी हो रही थी। यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने भी माना था कि, इस देरी से जीत की चमक फीकी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *