घर के AC में छिपे थे जहरीले सांप, चालू करते ही मचा हड़कंप

वलसाड : वलसाड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने गर्मी में एसी इस्तेमाल करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पारडी स्थित पो रेलवे इलाके में एक परिवार ने जैसे ही घर का एसी चालू किया, उसके अंदर से एक-एक कर तीन सांप बाहर निकलने लगे। यह नजारा देखते ही पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग डर से कांप उठे।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय एनजीओ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद तीनों सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान परिवार के सदस्य इस बात को लेकर हैरान रह गए कि आखिर सांप एसी के अंदर तक पहुंचे कैसे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विशेषज्ञों के मुताबिक एसी की आउटडोर यूनिट अगर जमीन या बगीचे के पास लगी हो तो सांपों के अंदर घुसने की संभावना बढ़ जाती है। अक्सर एसी पाइप और डक्ट के लिए दीवार में किए गए छेद खुले रह जाते हैं, जिनका इस्तेमाल सांप रास्ते के रूप में कर लेते हैं। जिन घरों के आसपास ज्यादा झाड़ियां और पेड़-पौधे होते हैं, वहां यह खतरा और भी अधिक रहता है।

बारिश के मौसम में सांप गर्म जगहों की तलाश में रहते हैं। एसी का कम्प्रेसर गर्म होने के कारण वे उसके आसपास छिप जाते हैं और पाइप या डक्ट के जरिए घर के अंदर तक पहुंच सकते हैं।

विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। एसी की पाइपलाइन और डक्ट के आसपास मौजूद सभी छेदों को अच्छी तरह बंद करने, विंडो एसी के आसपास की खाली जगह को सील करवाने और आउटडोर यूनिट के आसपास उगी झाड़ियों की नियमित सफाई करने की सलाह दी गई है। उनका कहना है कि थोड़ी सी सतर्कता किसी बड़े हादसे से बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *