नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह छह बजे से देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी लागू कर दी गई। वर्ष 2022 के बाद यह पहली बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं।
नई दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 3.14 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
नई कीमतों के मुताबिक नियमित पेट्रोल अब 94.77 रुपये से बढ़कर 97.91 रुपये प्रति लीटर बिकेगा, जबकि प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 102-104 रुपये से बढ़कर 105.14 से 107.14 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। इसी तरह नियमित डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.78 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
दिल्ली पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष निश्चल सिंघानिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये की कमजोरी के चलते तेल कंपनियों ने यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप संचालकों को आधी रात को ई-मेल के जरिए नई दरों की जानकारी दी गई, जो शुक्रवार सुबह छह बजे से लागू हो गई।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। दैनिक यात्रा करने वाले लोग, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और छोटे कारोबारी इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण आने वाले दिनों में परिवहन और जरूरी वस्तुओं की लागत भी बढ़ सकती है, जिससे महंगाई पर अतिरिक्त दबाव बनने की आशंका है।