नई दिल्ली: नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने जांच तेज करते हुए दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में महाराष्ट्र के अहिल्यानगर निवासी धनंजय लोखंडे और पुणे की मनीषा वाघमारे शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नीट का मूल प्रश्नपत्र पुणे से लीक हुआ था, जिसे बाद में व्हाट्सएप के जरिए नासिक, जयपुर और गुरुग्राम तक पहुंचाया गया।
सीबीआई ने पिछले 24 घंटों में देशभर के 14 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अंदरूनी लोगों की संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। इस बीच, देश के कई हिस्सों में एनटीए को भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रहे।
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, पुणे से गिरफ्तार मनीषा वाघमारे के मोबाइल रिकॉर्ड और बैंक लेन-देन में लाखों रुपये के ट्रांजैक्शन मिले हैं। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। वहीं, धनंजय लोखंडे के भी पुणे कनेक्शन सामने आए हैं। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इन गिरफ्तारियों से पेपर लीक के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
सीबीआई ने एनटीए मुख्यालय से कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है। एजेंसी को आशंका है कि पेपर लीक उजागर होने के बाद कई आरोपितों ने डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश की होगी।
बुधवार को गिरफ्तार पांच आरोपितों शुभम खैरनार, मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और यश यादव को सात दिन की रिमांड पर लिया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि अप्रैल 2026 में लीक प्रश्नपत्र 10 से 12 लाख रुपये में उपलब्ध कराने की साजिश रची गई थी। यश यादव ने टेलीग्राम के जरिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्नपत्र साझा किए थे। बाद में ये पेपर कई अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए।
सीबीआई ने आरोपितों के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक चैट, लीक प्रश्नपत्र और अन्य डिजिटल सबूत भी बरामद किए हैं। जयपुर और महाराष्ट्र में कई जगहों पर छापेमारी कर डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
उधर, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नीट परीक्षा रद्द होने से तनाव में आए 21 वर्षीय अभ्यर्थी रितिक मिश्रा ने आत्महत्या कर ली। यह उसका तीसरा प्रयास था और परिवार के अनुसार उसे इस बार सफलता की पूरी उम्मीद थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।