मौसम ने ली करवट! छत्तीसगढ़ में बारिश से तापमान गिरा, 26 मई तक केरल पहुंचेगा मानसून

रायपुर। मानसून आने से पहले ही छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, इस तरह की स्थिति सामान्यतः मानसून आने के बाद बनती है, लेकिन इस वर्ष मई महीने में ही मौसम का स्वरूप बदला हुआ नजर आ रहा है। बीते करीब 15 दिनों से प्रदेश में बादल और बारिश का दौर जारी है।

शुक्रवार सुबह दर्ज वर्षा के आंकड़ों के अनुसार कसडोल में 60 मिमी, कोमाखान में 40 मिमी, गिरौदपुरी में 30 मिमी, जबकि बलौदाबाजार, भाटापारा और कोटा में 20-20 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।

इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ और पूर्व-पश्चिम द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम लगातार बदला हुआ है।

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई है। हालांकि विभाग का कहना है कि फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 17 मई के बाद प्रदेश में तापमान फिर से बढ़ सकता है।

रायपुर शहर के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *