स्पोर्ट्स डेस्क। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान एक डरावना हादसा देखने को मिला। पाकिस्तान के अनुभवी तेज गेंदबाज हसन अली कैच पकड़ने की कोशिश में बुरी तरह गिर पड़े, जिसके बाद मैदान पर कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया। सिर में चोट लगने के कारण उन्हें स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह हादसा मैच के पहले दिन आठवें ओवर में हुआ। हसन अली अपनी ही गेंद पर बांग्लादेशी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम का कैच लेने के लिए आगे बढ़े थे। बल्लेबाज के बल्ले का बाहरी किनारा लगने के बाद गेंद हवा में उछली, लेकिन कैच पकड़ने के प्रयास में हसन अपना संतुलन खो बैठे और सीधे पिच पर गिर गए। गिरते समय उनका सिर जोर से जमीन से टकराया, जिसके बाद वह कुछ सेकेंड तक मैदान पर बिना हिले पड़े रहे। यह दृश्य देखकर खिलाड़ी और दर्शक दोनों चिंतित नजर आए।
घटना के तुरंत बाद मेडिकल टीम मैदान पर पहुंची। हसन अली सिर पकड़ते हुए दिखाई दिए और उन्हें चक्कर आने की शिकायत भी हुई। एहतियात के तौर पर मेडिकल स्टाफ ने उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर पहुंचाया। पाकिस्तान टीम के कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के चेहरे पर भी चिंता साफ नजर आई। उनके ओवर की बची हुई गेंदें सलमान अली आगा ने पूरी कीं।
हालांकि, उपचार के बाद हसन अली ने मैदान पर वापसी की और 19वें ओवर में फिर से गेंदबाजी करते नजर आए। उनकी वापसी से पाकिस्तान टीम और फैंस ने राहत की सांस ली।
अगर मैच की बात करें तो पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सिलहट की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो रही है। मोहम्मद अब्बास ने मैच की दूसरी ही गेंद पर महमूदुल हसन जॉय को आउट कर पाकिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और मोमिनुल हक ने तेजी से रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन अब्बास ने तंजीद को 26 रन पर आउट कर बांग्लादेश को दूसरा झटका दे दिया।