चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। इस दौरान TVK के 21 और सहयोगी दल कांग्रेस के 2 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। विस्तार के बाद राज्य सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है।
हालांकि, सरकार के अहम सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) और विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) फिलहाल मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए हैं। दोनों दलों के पास विधानसभा में 2-2 विधायक हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों दलों के लिए कैबिनेट में एक-एक पद आरक्षित रखा गया है, लेकिन प्रतिनिधियों के नाम तय नहीं होने के कारण उन्हें अगले चरण में शामिल किए जाने की संभावना है।
टीवीके नेतृत्व लगातार वीसीके, सीपीआई, सीपीएम और आईयूएमएल को औपचारिक रूप से सरकार में शामिल होने का न्योता दे रहा है। फिलहाल ये दल सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं।
तमिलनाडु के लोक निर्माण एवं खेल मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय गठबंधन सहयोगियों को सरकार में शामिल करने के पक्ष में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वीसीके प्रमुख थोल तिरुमावलवन भी जल्द मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने 10 मई को 9 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। तमिलनाडु सरकार में अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में अभी भी सहयोगी दलों के लिए तीन पद खाली हैं।
शपथ लेने वाले दो कांग्रेस विधायक राजेश कुमार और तिरु पी. विश्वनाथन हैं। करीब छह दशक बाद कांग्रेस तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बनी है।
TVK कोटे से शपथ लेने वाले प्रमुख नेताओं में श्रीनाथ, कमली एस, सी विजयलक्ष्मी, आरवी रंजीतकुमार, विनोद, राजीव, बी राजकुमार, वी गांधीराज, मथन राजा पी, जगदेश्वरी के, एम विजय बालाजी, लोगेश तमिलसेल्वन डी, विजय तमिलन पार्थीबन ए, रमेश, कुमार आर, थेन्नारासु के, वी संपत कुमार, मोहम्मद फरवास जे, डी सरथकुमार, एन मैरी विल्सन और विग्नेश के शामिल हैं।