वॉशिंगटन | अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की कथित हत्या की साजिश का मामला सामने आया है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है। वह इराक का नागरिक बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी पर ईरान की सैन्य इकाई ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) से जुड़े होने और अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की साजिश रचने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि लगभग छह साल पहले बगदाद में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में कासिम सुलेमानी की मौत हुई थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी घटना के बाद से आरोपी ट्रंप परिवार को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।
जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को आरोपी के पास से फ्लोरिडा स्थित इवांका ट्रंप के घर से जुड़े कुछ दस्तावेज और नक्शे भी मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार, वह लंबे समय से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
इस मामले पर वॉशिंगटन स्थित इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची एंतिफाध कनबर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुलेमानी की मौत के बाद आरोपी ट्रंप परिवार के खिलाफ हिंसक बयान देता था।
हालांकि, अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है और जांच जारी है।