गुस्से में विराट कोहली, ट्रेविस हेड से भिड़ंत के बाद हाथ मिलाने से इनकार

हैदराबाद | आईपीएल 2026 के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 55 रनों से हरा दिया। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों के बीच रोमांच के साथ-साथ मैदान पर तीखा विवाद भी देखने को मिला।

मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच जुबानी जंग ने माहौल गरमा दिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव उस समय बढ़ा जब हेड के आउट होने के बाद कोहली ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जिसे हेड ने पसंद नहीं किया।

इसके बाद RCB की पारी के दौरान भी दोनों खिलाड़ियों के बीच इशारों-इशारों में तकरार जारी रही। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कोहली को हेड की ओर तंज कसते और जवाबी इशारे करते हुए देखा गया। एक मौके पर कोहली ने हेड को गेंदबाजी करने की चुनौती भी दी।

मैच खत्म होने के बाद भी तनाव कम नहीं हुआ। हाथ मिलाने के दौरान कोहली ने SRH के अन्य खिलाड़ियों से तो हाथ मिलाया, लेकिन ट्रेविस हेड की ओर उन्होंने नजर तक नहीं डाली। वहीं हेड ने हाथ बढ़ाया, लेकिन कोहली आगे बढ़ गए। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कोहली के व्यवहार को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

मैच की बात करें तो SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 255 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 56 रन, ईशान किशन ने 79 रन और हेनरिक क्लासेन ने 51 रनों की तेजतर्रार पारियां खेलीं।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन ही बना सकी। रजत पाटीदार ने 56 रन बनाए, वेंकटेश अय्यर ने 44 रनों की तेज पारी खेली, जबकि क्रुणाल पांड्या 41 रन बनाकर नाबाद रहे।

SRH की इस बड़ी जीत के साथ मैच तो उनके नाम रहा, लेकिन कोहली-हेड विवाद ने मुकाबले को और भी चर्चा में ला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *