खेल डेस्क: भारतीय क्रिकेट के अनुभवी ऑलराउंडर विजय शंकर ने शुक्रवार को सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भावुक संदेश साझा करते हुए अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कहा।
विजय शंकर ने अपने संदेश में लिखा कि क्रिकेट उनकी जिंदगी रहा है और 10 साल की उम्र में शुरू हुआ यह सफर अब 25 साल बाद एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व करना अपने जीवन के सबसे गर्व भरे पलों में से एक बताया।
उन्होंने आगे कहा कि वह अब घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से भी संन्यास लेकर नए अवसरों की तलाश करेंगे। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), भारतीय टीम, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन और सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी का आभार व्यक्त किया।
विजय शंकर ने अपने करियर के यादगार पलों को भी साझा किया, जिसमें नागपुर में भारत के 500वें वनडे मैच में अंतिम ओवर डालना और 2019 वनडे विश्व कप में अपने पहले ही ओवर में विकेट लेना शामिल है।
आईपीएल में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने तमिलनाडु, त्रिपुरा और कई घरेलू टीमों के साथ अपने अनुभव को भी याद किया।
अपने करियर के आंकड़ों की बात करें तो विजय शंकर ने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जबकि आईपीएल में उन्होंने 78 मैचों में 1,233 रन बनाए और 9 विकेट हासिल किए।
विजय शंकर के इस फैसले के साथ भारतीय क्रिकेट में एक और अनुभवी ऑलराउंडर के युग का अंत हो गया है।