तमिलनाडु के नए सीएम विजय की पीएम मोदी से मुलाकात, अहम परियोजनाओं पर होगी चर्चा

तमिलनाडु : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय पद संभालने के बाद अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर दिल्ली रवाना हो गए हैं। इस दौरान उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसे राज्य की नई गठबंधन सरकार की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।

विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से राज्य में गठबंधन सरकार बनी है। कई दशकों बाद तमिलनाडु में ऐसी गठबंधन सरकार का गठन हुआ है।

इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में तमिल के महान कवि संत तिरुवल्लुवर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसे राष्ट्रीय स्तर पर तमिल सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

शाम को विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर लगभग 4:30 बजे से 5:00 बजे के बीच मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह तमिलनाडु से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक विस्तृत ज्ञापन सौंप सकते हैं।

प्रधानमंत्री के अलावा उनकी मुलाकात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी होने की संभावना है।

राजनीतिक हलकों में इस बात पर भी नजर है कि विजय कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसे भाजपा-विरोधी गठबंधन के भीतर समन्वय और सहयोग मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *