अनूपपुर (मध्य प्रदेश): जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। करणपथार थाना क्षेत्र के बिजौरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 50 ग्रामीण सवार थे, जो पदमनिया गांव से एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने बिजौरा गांव जा रहे थे। रास्ते में वाहन की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों व पुलिस ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों का इलाज पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उमरिया मेडिकल कॉलेज में जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश प्रशासन को दिए हैं।