नई दिल्ली। नीट (NEET) परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे पर देशभर में जारी बहस के बीच सोशल मीडिया पर चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब दिल्ली में बड़े आंदोलन की तैयारी कर रही है। संगठन के संस्थापक और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अभिजीत दीपके 6 जून को अमेरिका से भारत लौटेंगे और छात्रों के समर्थन में अभियान की अगुवाई करेंगे।
अभिजीत दीपके ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर युवाओं, छात्रों और समर्थकों से दिल्ली पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर अब शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का समय आ गया है।
दीपके के अनुसार, आंदोलन का मुख्य उद्देश्य नीट परीक्षा विवाद में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाना है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा संबंधी विवादों से करोड़ों छात्र और उनके परिवार मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं, इसलिए सरकार को इस मामले में स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

वीडियो संदेश में दीपके ने बताया कि वह 6 जून की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद समर्थकों के साथ संसद मार्ग थाना जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगी जाएगी। संगठन का कहना है कि पूरा आंदोलन संविधान और कानून के दायरे में रहकर संचालित किया जाएगा।
अभिजीत दीपके की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों के बीच उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हालांकि, आंदोलन को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रस्तावित प्रदर्शन को कितनी जनसमर्थन मिलता है और इसका राजनीतिक असर कितना व्यापक होता है।