छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ पड़ा भारी! NEET पेपर लीक आरोपी की संपत्ति ध्वस्त

बीड। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी से जुड़ी एक निर्माणाधीन इमारत के अवैध हिस्सों पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। महाराष्ट्र के बीड जिले में नगर परिषद ने भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के आरोप में यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, शाहूनगर क्षेत्र में स्थित चार मंजिला इमारत में निर्माण संबंधी अनियमितताएं पाई गई थीं। जांच के बाद बीड नगर परिषद ने भवन के अवैध हिस्सों को हटाने के लिए संबंधित ठेकेदार और मालिक को नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।

नगर परिषद के मुख्य अधिकारी शैलेश फडसे ने बताया कि भवन स्थानीय निर्माण नियमों के अनुरूप नहीं था। नोटिस जारी करने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की गई। हालांकि बाद में भवन मालिक की ओर से अवैध निर्माण को स्वेच्छा से हटाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। वर्तमान में नगर निकाय के अधिकारियों की निगरानी में अनधिकृत हिस्सों को हटाने का काम पूरा किया गया।

प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी मूल रूप से लातूर के निवासी हैं और रसायन विज्ञान के विशेषज्ञ माने जाते हैं। वे वर्षों तक नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा रहे हैं। उन्हें पिछले महीने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में पुणे से गिरफ्तार किया गया था।

फडसे ने कहा कि यदि भविष्य में भवन निर्माण की अनुमति के लिए कोई नया आवेदन किया जाता है, तो मौके का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और सभी नियमों का पालन होने पर ही अनुमति प्रदान की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई अब तक 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच जारी है और एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *