खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला! गोलीबारी और तोड़फोड़ के बाद सुरक्षा की मांग

पटना। बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान क्लासेस और एक अन्य कोचिंग संस्थान के छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और कथित फायरिंग की घटना सामने आई। इस दौरान खान क्लासेस का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खान क्लासेस और ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के समर्थकों और कुछ असामाजिक तत्वों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए। घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग होने की भी सूचना है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा।

उपद्रवियों ने खान क्लासेस के बाहर लगे बैनर को भी नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत कई पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं।

कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग के आरोप लगाए हैं। खान क्लासेस की ओर से दी गई शिकायत में दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है, जबकि ज्ञान बिंदु कोचिंग ने भी खान क्लासेस के लोगों पर फायरिंग करने का दावा किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद खान सर ने कहा कि उनकी संस्था कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराती है और बेहतर परिणाम देती है, जिससे कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि गरीब छात्रों को शिक्षा उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है और इसे किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

खान सर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कोचिंग कार्यालय में तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं। उन्होंने दावा किया कि सुरक्षा गार्ड ने कुछ आरोपियों की पहचान की है और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि फिलहाल मामला मारपीट और हिंसक झड़प से जुड़ा प्रतीत होता है। घायल गार्ड का उपचार जारी है और उसके बयान के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *