विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित स्टील प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक और भयावह हादसा हो गया, जिसमें पिघले हुए स्टील के रिसाव और विस्फोट की चपेट में आकर 8 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना प्लांट के एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी यूनिट में हुई। बताया जा रहा है कि काम के दौरान एक लैडल (पिघली धातु ले जाने वाला बड़ा कंटेनर) में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद उसमें मौजूद खौलता हुआ पिघला स्टील तेजी से बाहर फैल गया, जिसकी चपेट में वहां कार्यरत कई मजदूर आ गए।
घटना के बाद मौके पर भारी तबाही का मंजर देखने को मिला। कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। बचाव और राहत कार्य तेजी से जारी है।
इस हादसे की सूचना मिलते ही आंध्र प्रदेश सरकार और प्रशासन में हड़कंप मच गया। राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने मामले का संज्ञान लेते हुए विशाखापत्तनम के जिला कलेक्टर और पुलिस आयुक्त से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्य में तेजी लाई जाए।
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।