मुख्य सचिव विकासशील की सख्ती, विभागों को प्राथमिकता वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, टीबी मुक्त भारत, सेवा सेतु और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को विभागों में रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी रखने तथा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों से कर्मचारी चयन मंडल के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग अपने लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों की नियमित समीक्षा करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें। उन्होंने आम जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह एवं जेल, महिला एवं बाल विकास, वित्त, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, उद्योग, परिवहन, उच्च शिक्षा, खाद्य, नगरीय प्रशासन, पर्यटन, कौशल विकास, जल संसाधन तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *