उज्ज्वला लाभार्थियों को ₹300 की सब्सिडी, जानिए कितने सिलेंडरों पर मिलेगा फायदा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के करोड़ों लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को पहले चार एलपीजी रिफिल सिलिंडरों पर प्रति सिलिंडर 300 रुपये की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) सब्सिडी देने का प्रावधान जारी रखा है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, उज्ज्वला योजना से जुड़े एक सामान्य परिवार में औसतन साल भर में लगभग चार रिफिल सिलिंडरों की खपत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए लाभार्थियों को पहले चार रिफिल पर 300 रुपये प्रति सिलिंडर की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।

मंत्रालय के मुताबिक, इससे पहले प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में नौ रिफिल सिलिंडरों तक DBT का लाभ दिया जाता था। अब औसत खपत के आधार पर पहले चार रिफिल पर सब्सिडी का लाभ सुनिश्चित किया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सीधे राहत मिलेगी।

सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ ईंधन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा घरेलू गैस की लागत का बोझ कम करना है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देशभर में करोड़ों परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं और यह योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *