युवाओं के लिए बड़ा मौका, 17 जून को रोजगार मेला, हजारों पदों पर भर्ती

दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग और कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में 17 जून 2026 (बुधवार) को एक वृहद जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन खम्हरिया, भिलाई स्थित कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में होगा।

जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक के अनुसार इस रोजगार मेले में कुल 10 प्रतिष्ठित नियोजकों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के 2,029 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। यह आयोजन जिले के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर माना जा रहा है।

इस मेले में कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक (बीए, बीएससी आदि), स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग स्नातक, एमबीबीएस, बीएएमएस, नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम एवं पैरामेडिकल डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए रोजगार कार्यालय में पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) अनिवार्य किया गया है।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला रोजगार कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप (सीजी रोजगार ऐप) पर उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, मालवीय नगर चौक, दुर्ग में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *