रायपुर। राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय, सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत, फिल्म निर्देशक मनोज तापड़िया सहित कई राजनीतिक, सामाजिक और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान सेवा और साहस का परिचय देने वाले गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों ने जिस समर्पण के साथ काम किया, यह फिल्म उसी भावना को उजागर करती है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती से निकली यह प्रतिभा पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में समाज के वास्तविक नायकों को सामने लाने का कार्य करती हैं।
अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने रायपुर में फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर खुशी व्यक्त की और मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म को मिल रहा समर्थन पूरी टीम के लिए उत्साहवर्धक है।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण वह रहा जब मुख्यमंत्री ने आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवा देने वाले 13 ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ को सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, मंत्रीगण, विधायक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 26/11 के शहीदों और नायकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।