CG Monsoon Alert: बारिश का इंतजार लंबा, उमस से जनजीवन प्रभावित; कई जिलों में बिजली गिरने का खतरा

रायपुर, 17 जून। छत्तीसगढ़ में मानसून की औपचारिक एंट्री से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को कहीं अंधड़ के साथ बारिश हुई तो कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद निकली तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी और देर रात तक उमस का असर बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बस्तर में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा करपावंड, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 से 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

अगले दो दिन सतर्क रहने की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *