वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ेगी ताकत, PM मोदी का इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरा तय

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई माह में इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जा सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार यह विदेश यात्रा 6 से 11 जुलाई के बीच होगी। इसे लेकर भारत का विदेश मंत्रालय तीनों देशों की सरकारों के साथ दौरे की रूपरेखा और एजेंडे को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यात्रा के दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और निवेश जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, अभी तक इस दौरे को लेकर कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, इसलिए शेड्यूल में बदलाव की संभावना बनी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी 7 और 8 जुलाई को न्यूजीलैंड के दौरे पर रह सकते हैं। इसके बाद 9 और 10 जुलाई को उनके ऑस्ट्रेलिया पहुंचने की संभावना है। वहीं इंडोनेशिया यात्रा को भी इसी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार इस दौरे का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक साझेदारियों को और मजबूत करना, व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देना तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना है।

इंडोनेशिया के साथ समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा हो सकती है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के साथ रक्षा सहयोग, महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों और आर्थिक साझेदारी को लेकर बातचीत होने की संभावना है। न्यूजीलैंड के साथ व्यापार, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *