रायपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डंप बरामद किया है। कार्रवाई में हथियार, संचार उपकरण और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों की टीम नियमित सर्चिंग, डी-माइनिंग और क्षेत्र प्रभुत्व अभियान पर निकली हुई थी। इसी दौरान जवानों को जंगल के भीतर एक संदिग्ध स्थान की जानकारी मिली। तलाशी लेने पर वहां नक्सलियों का छिपाया गया डंप मिला, जिसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन जांच की गई।
बरामद डंप से चार भरमार बंदूकें, वॉकी-टॉकी की बैटरियां, शुगर टेस्ट किट, नक्सली साहित्य, वर्दी तथा विस्फोटक सामग्री सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है। लगातार चलाए जा रहे संयुक्त अभियानों के कारण नक्सलियों की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और सुरक्षा बलों को लगातार महत्वपूर्ण सफलताएं मिल रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान आगे भी जारी रहेगा। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवान पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं।