रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को राजधानी रायपुर में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह वीरांगना रानी दुर्गावती को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में भाग लेंगे। दोपहर बाद वे दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह 10:10 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन से शुरू होगा। वे 10:15 बजे केनाल लिंकिंग रोड पहुंचेंगे, जहां वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। यह कार्यक्रम सुबह 10:15 बजे से 10:25 बजे तक निर्धारित है।
इसके बाद मुख्यमंत्री 10:25 बजे केनाल लिंकिंग रोड से रवाना होकर 10:35 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, बोरियाकला पहुंचेंगे। यहां उनका कार्यक्रम दोपहर 12:15 बजे तक आरक्षित रहेगा।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे, जहां उनका समय आरक्षित रखा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया है कि 24 जून के शेष कार्यक्रमों की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे और 1:50 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे एयर इंडिया की उड़ान एआई-2636 से दोपहर 2:35 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री शाम 4:45 बजे नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से शाम 5:30 बजे छत्तीसगढ़ सदन पहुंचेंगे, जहां उनका कार्यक्रम आरक्षित रहेगा तथा रात्रि विश्राम भी वहीं करेंगे। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चर्चाओं की संभावना जताई जा रही है।