- स्वदेशी जागरण मंच ने राष्ट्रपति व पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
दुर्ग | समुद्र में तीन निहत्थे भारतीय नाविकों की कथित हत्या के मामले को लेकर गुरुवार को दुर्ग शहर की सड़कों पर भारी जन आक्रोश देखने को मिला। स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त बैनर तले कार्यकर्ताओं ने अमेरिकी सशस्त्र बलों की इस बर्बर कार्रवाई के विरोध में एक विशाल आक्रोश रैली निकाली।
रैली के समापन पर कार्यकर्ताओं ने दुर्ग जिला कलेक्टर के माध्यम से देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों और मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक और कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि अमेरिकी सशस्त्र बलों द्वारा निहत्थे नागरिकों पर की गई यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों, वैश्विक मानवाधिकारों और समुद्र में नागरिक जहाजों की सुरक्षा से जुड़े स्थापित नियमों का खुला उल्लंघन है।

उन्होंने अमेरिकी प्रशासन के रवैये को बेहद असंवेदनशील बताते हुए मांग की है कि इस पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष अंतरराष्ट्रीय जांच सुनिश्चित की जाए।मुआवजे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कड़े रुख की मांग संगठन ने भारत सरकार से पुरजोर आग्रह किया है कि पीड़ित नाविकों के परिजनों को जल्द से जल्द न्याय और उचित आर्थिक मुआवजा दिलाया जाए।
इसके साथ ही सरकार इस गंभीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र (UN) सहित सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पूरी मजबूती के साथ उठाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संप्रभुता से जुड़े ऐसे मामलों पर अभी सख्त रुख नहीं अपनाया गया, तो भविष्य में विदेशों में हमारे नागरिकों के साथ ऐसी अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे कार्यकर्ताइस विरोध प्रदर्शन और आक्रोश रैली में स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक और भारी संख्या में स्थानीय युवा शामिल हुए। सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर इस घटना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।