जनरल धीरज सेठ बने नए सेना प्रमुख, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सौंपी भारतीय सेना की कमान

नई दिल्ली: 12 लाख से अधिक सैनिकों वाली भारतीय थलसेना को नया नेतृत्व मिल गया है। जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को भारतीय सेना के नए प्रमुख (आर्मी चीफ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल पूरा होने के बाद आयोजित आधिकारिक समारोह में उन्होंने सेना की कमान जनरल धीरज सेठ को सौंपी।

पदभार ग्रहण से पहले जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद साउथ ब्लॉक में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

उपेंद्र द्विवेदी ने नए सेना प्रमुख को दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जनरल धीरज सेठ के नेतृत्व में भारतीय सेना अपनी गौरवशाली परंपराओं, उच्च पेशेवर मानकों और मजबूत संकल्प के साथ नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना भविष्य की हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी।

28 साल बाद आर्मर्ड कोर से बने सेना प्रमुख

जनरल धीरज सेठ इससे पहले वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर कार्यरत थे और उन्होंने 1 अप्रैल 2026 को यह जिम्मेदारी संभाली थी। करीब 28 वर्षों बाद भारतीय सेना को आर्मर्ड कोर से नया सेना प्रमुख मिला है। इससे पहले वर्ष 1997 में जनरल शंकर रॉय चौधरी इस कोर से सेना प्रमुख बने थे।

चार दशक का शानदार सैन्य अनुभव

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के पूर्व छात्र जनरल धीरज सेठ को दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन मिला था। लगभग 40 वर्षों के सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ नियुक्तियों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्रों में आर्मर्ड रेजिमेंट की कमान संभालने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स का नेतृत्व किया। लेफ्टिनेंट जनरल बनने के बाद उन्होंने सुदर्शन चक्र कोर, दिल्ली एरिया, दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान का सफल नेतृत्व किया।

आधुनिकीकरण और रणनीतिक योजना में अहम भूमिका

जनरल धीरज सेठ ने सेना के आधुनिकीकरण, क्षमता विकास और दीर्घकालिक रणनीतिक योजना तैयार करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने सेना मुख्यालय में कई अहम पदों पर कार्य करते हुए भारतीय सेना के आधुनिकीकरण रोडमैप और लॉन्ग टर्म इंटीग्रेटेड पर्सपेक्टिव प्लान तैयार करने में प्रमुख भूमिका निभाई।

कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित

अपने उत्कृष्ट सैन्य योगदान के लिए जनरल धीरज सेठ को परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने कई प्रतिष्ठित सैन्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *