ऑटो डेस्क: टाटा मोटर्स ने भारतीय बाजार में अपनी बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक एसयूवी Tata Sierra EV को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में उतारी गई यह नई SUV लंबी ड्राइविंग रेंज, आधुनिक तकनीक और प्रीमियम फीचर्स के साथ ग्राहकों के लिए पेश की गई है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 18.79 लाख रुपये तय की है।
मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
Tata Sierra EV में कई आधुनिक और एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। इसमें एलईडी हेडलाइट्स, एलईडी डीआरएल, एलईडी टेललाइट्स, 18-इंच अलॉय व्हील्स, पैनोरमिक सनरूफ, लेवल-2 ADAS, हेड्स-अप डिस्प्ले, ट्रिपल स्क्रीन सेटअप, एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, वायरलेस चार्जर, JBL ऑडियो सिस्टम, डॉल्बी एटमॉस, एंबिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं।
सुरक्षा के लिहाज से SUV में 6 एयरबैग, ABS, EBD, रियर पार्किंग सेंसर, रियर व्यू कैमरा और 540-डिग्री कैमरा दिया गया है। इसके अलावा 622 लीटर का बूट स्पेस और 55 लीटर का फ्रंक (Front Trunk) भी उपलब्ध कराया गया है।
दमदार बैटरी और लंबी रेंज
नई Tata Sierra EV को 63 kWh और 75 kWh बैटरी पैक के दो विकल्पों के साथ पेश किया गया है। कंपनी का दावा है कि बड़ा बैटरी पैक फुल चार्ज पर 665 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज देता है।
SUV में ड्यूल मोटर और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मिलेगा। इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 175 kW तक की पावर और 340 Nm टॉर्क जनरेट करती है, जबकि दूसरी मोटर 103 kW की पावर और 164 Nm टॉर्क देती है। कंपनी के अनुसार यह SUV महज 5.8 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
बुकिंग और डिलीवरी
कंपनी ने Tata Sierra EV की बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहकों को इसकी डिलीवरी 15 जुलाई से मिलनी शुरू होगी।
इन कारों से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में Tata Sierra EV का मुकाबला MG Windsor EV, Hyundai Creta Electric, Kia Carens Clavis EV और Mahindra XEV 9e जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा। अपनी लंबी रेंज, आधुनिक फीचर्स और प्रतिस्पर्धी कीमत के दम पर Tata Sierra EV इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में मजबूत दावेदार मानी जा रही है।