डोडा में बादल फटने से भारी तबाही, बाढ़ ने रोकी रफ्तार, कई गांवों का संपर्क टूटा

श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को भारी बारिश के बीच दो स्थानों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। भलेसा क्षेत्र के कलालगीसर इलाके में हुई इस घटना के बाद भारी मात्रा में मलबा और पानी सड़कों पर आ गया, जिससे कई प्रमुख मार्ग बंद हो गए और आसपास के कई गांवों का संपर्क टूट गया।

प्रशासन के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण इलाके में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है और हालात सामान्य होने के बाद सड़कों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

बाढ़ और मलबे की वजह से भलेसा पट्टी के कई गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन, जरूरी सेवाओं और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से संवेदनशील और भूस्खलन संभावित इलाकों की यात्रा से बचने तथा केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने को कहा गया है। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *