विदेश में UPI से भुगतान होगा और आसान, NPCI और HSBC India की साझेदारी से मिलेगा रियल-टाइम फॉरेक्स रेट

नई दिल्ली। भारतीय यात्रियों के लिए विदेशों में डिजिटल भुगतान को अधिक आसान, पारदर्शी और तेज बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने बुधवार को एचएसबीसी इंडिया (HSBC India) के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत अब सीमा-पार (Cross-Border) यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) लेनदेन के लिए रियल-टाइम विदेशी मुद्रा (Forex) सेटलमेंट की सुविधा उपलब्ध होगी।

नई व्यवस्था के तहत एचएसबीसी इंडिया डायरेक्ट API इंटीग्रेशन के माध्यम से रियल-टाइम फॉरेक्स रेट उपलब्ध कराएगा। इससे विदेश में खरीदारी के दौरान भारतीय ग्राहक भुगतान करते समय ही यह देख सकेंगे कि उन्हें भारतीय रुपए (INR) में कितनी राशि चुकानी होगी। इससे विनिमय दर को लेकर पूरी पारदर्शिता रहेगी और ग्राहकों को सटीक भुगतान अनुभव मिलेगा।

NPCI के अनुसार, यह पहल अंतरराष्ट्रीय UPI भुगतान को अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाएगी। वहीं, विदेशों में मौजूद व्यापारी और वित्तीय संस्थान अपनी स्थानीय मुद्रा में भुगतान प्राप्त कर सकेंगे, जबकि भारतीय ग्राहकों को वास्तविक समय की विनिमय दर का लाभ मिलेगा।

NPCI के प्रवक्ता ने कहा कि HSBC India के साथ यह साझेदारी सीमा-पार भुगतान प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विदेशी मुद्रा रूपांतरण की प्रक्रिया सरल होगी और रियल-टाइम सेटलमेंट के जरिए ग्राहकों को बेहतर डिजिटल भुगतान अनुभव मिलेगा। साथ ही, यह भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को वैश्विक स्तर पर और मजबूत पहचान दिलाने में भी मदद करेगा।

एचएसबीसी इंडिया के वैश्विक भुगतान नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय क्षमताओं से समर्थित यह API-आधारित व्यवस्था 24×7 सुरक्षित और तेज सीमा-पार भुगतान सुनिश्चित करेगी। इससे अंतरराष्ट्रीय UPI लेनदेन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और विश्वसनीय बन जाएंगे।

वर्तमान में भारतीय UPI सेवा सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नेपाल, भूटान, मॉरीशस, फ्रांस, श्रीलंका, कतर और कंबोडिया सहित कुल 9 देशों में उपलब्ध है। इन देशों में भारतीय ग्राहक अपने घरेलू बैंक खाते से सीधे रुपए में QR कोड स्कैन कर भुगतान कर सकते हैं।

गौरतलब है कि NPCI भारत में रिटेल डिजिटल भुगतान प्रणाली का प्रमुख संस्थान है। संस्था ने UPI, RuPay, IMPS, NACH, NETC, AePS और eRUPI जैसी कई महत्वपूर्ण डिजिटल भुगतान सेवाओं का विकास किया है। यह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के मार्गदर्शन में कार्य करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *