पाकिस्तान के ग्वादर में बड़ा आतंकी हमला, कोस्ट गार्ड कैंप बना निशाना; BLA का दावा

बलूचिस्तान। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले के जिवानी क्षेत्र स्थित पनवान में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर हुए फिदायीन हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने लेने का दावा किया है। संगठन ने दावा किया है कि इस हमले में 30 से अधिक पाकिस्तानी जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। हालांकि, इस दावे की पाकिस्तान सरकार या स्वतंत्र स्रोतों से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार शाम बीएलए की कथित विशेष इकाई ‘मजीद ब्रिगेड’ ने इस हमले को अंजाम दिया। संगठन का दावा है कि उसके आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ट्रक को कोस्ट गार्ड कैंप के मुख्य परिसर से टकरा दिया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ।

बीएलए के प्रवक्ता जियांद बलूच ने जारी बयान में दावा किया कि विस्फोट के बाद कैंप को भारी नुकसान पहुंचा। संगठन ने यह भी कहा कि शुरुआती धमाके के तुरंत बाद उसके कथित ‘फतेह स्क्वाड’ ने कैंप पर हमला किया और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ हुई।

संगठन के मीडिया विंग ने घटना से जुड़ा एक वीडियो भी जारी करने का दावा किया है, जिसमें कथित तौर पर विस्फोटकों से भरा वाहन कैंप में प्रवेश करता और उसके बाद विस्फोट होता दिखाई देता है। इन वीडियो और दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

बीएलए ने अपने बयान में कहा है कि वह बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग को लेकर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगा।

फिलहाल पाकिस्तान की ओर से इस घटना में हताहतों की संख्या या हमले के संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए बीएलए द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *