बदरीनाथ धाम के चढ़ावे पर उठे सवाल, दान में गड़बड़ी के आरोपों की जांच शुरू

नई दिल्ली/उत्तरकाशी। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच अब उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भी दान और चढ़ावे में कथित अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल दावों को गंभीरता से लेते हुए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए एक जांच समिति गठित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे का भी खंडन किया, जिसमें एक कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया गया था। द्विवेदी ने कहा कि संबंधित व्यक्ति उनका निजी सचिव नहीं, बल्कि मंदिर समिति का नियमित कर्मचारी है और जांच में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि 2 जुलाई से वायरल हो रहे मामले की शिकायत मिलने के बाद बदरीनाथ मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। हालांकि फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, फिर भी उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक आंतरिक जांच टीम गठित की जा रही है। यदि जांच में वित्तीय अनियमितता या चढ़ावे में गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम, 1939 और कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को साझा न करें तथा आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *