नई दिल्ली। सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मंगलवार को कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम ₹1,442 की कमी आई है, जबकि चांदी भी ₹4,408 प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है।
IBJA के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव घटकर ₹1,44,141 प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं 22 कैरेट सोना ₹1,32,033, 18 कैरेट सोना ₹1,08,106 और 14 कैरेट सोना ₹84,323 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। दूसरी ओर चांदी की कीमत गिरकर करीब ₹2,29,000 प्रति किलोग्राम रह गई है।
देश के प्रमुख शहरों में भी सोने के खुदरा भाव अलग-अलग दर्ज किए गए। दिल्ली और जयपुर में 24 कैरेट सोना ₹1,45,410 प्रति 10 ग्राम रहा। मुंबई, कोलकाता और रायपुर में इसका भाव ₹1,45,260, जबकि भोपाल, अहमदाबाद और पटना में ₹1,45,310 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। लखनऊ में भी सोना ₹1,45,410 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार, देशभर में सोने के दाम एक जैसे नहीं होते। इसकी प्रमुख वजह परिवहन और सुरक्षा लागत, स्थानीय बाजार में मांग और आपूर्ति, विभिन्न शहरों की ज्वेलरी एसोसिएशनों द्वारा तय किए गए स्थानीय रेट और ज्वेलर्स के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत होती है। यही कारण है कि अलग-अलग शहरों में सोने के खुदरा भाव में मामूली अंतर देखने को मिलता है।
ज्वेलर्स ने ग्राहकों को सलाह दी है कि सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क वाले प्रमाणित आभूषण ही खरीदें। साथ ही खरीदारी से पहले IBJA या अन्य विश्वसनीय स्रोतों से ताजा कीमतों की जानकारी जरूर लें, ताकि सही दाम पर खरीदारी की जा सके और किसी भी तरह के अतिरिक्त भुगतान से बचा जा सके।